द फॉलोअप डेस्क
जम्मू-कश्मीर से दुखद खबर सामने आई है। खाई में गिरने से चुनाव ड्यूटी के लिए 36 BSF जवानों को ले जा रही बस हादसे का शिकार हो गई है। इस हादसे में 4 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि करीब 28 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, घटना बडगाम जिले के वतरहाल के ब्रेल के पास हुई है। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। खाई में गिरने के कारण बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त से हो गयी है।

हादसे की सूचना मिलते कश्मीर जोन के आईजीपी (पुलिस महानिरीक्षक) वीके बिरदी, बीएसएफ कश्मीर फ्रंटियर के आईजी, डिवीजनल कमिश्नर, एसएसपी बडगाम, डीसी बडगाम, एसएसपी श्रीनगर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों से मिलकर उनके स्वास्थय की जानकारी ली।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जताया दुख
इस हादसे को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि जम्मू-कश्मीर के बडगाम में भयानक हादसे के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ, जहां चुनाव ड्यूटी के लिए ले जा रही बस के खाई में गिर जाने से 4 BSF जवानों की जान चली गई और लगभग 28 जवान घायल हो गए। बहादुरों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। उन्हें इस अपूरणीय क्षति से उबरने की शक्ति मिले। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं, हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

इस घटना पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक आरआर स्वैन ने भी दुख जताया है, उन्होंने कहा कि हम इन समर्पित सैनिकों के नुकसान पर शोक व्यक्त करते हैं, जिन्होंने देश की अथक सेवा की। हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करते हैं। आरआर स्वैन ने जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा सभी घायल जवानों को आवश्यक सहायता और सहयोग का भरोसा दिया है।